रात में एसडीएम-सीओ की कार्रवाई, अवैध बालू लदे दो ओवरलोड ट्रक पकड़े, वाहन सीज

कालपी (जालौन): जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। बीती रात उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवधेश कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने जोल्हूपुर मोड़ हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाकर अवैध बालू लदे दो ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया।
रात में चला सघन चेकिंग अभियान
4-5 फरवरी की रात को एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ अवधेश कुमार सिंह और थाना पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जोल्हूपुर मोड़ हाईवे पर बिना प्रपत्रों के अवैध बालू लदे दो ट्रकों को चेकिंग के दौरान रोका गया। जब चालक दस्तावेज नहीं दिखा सके, तो टीम ने दोनों ट्रकों को सीज कर गल्ला मंडी कालपी में खड़ा करवा दिया।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। वाहन चालकों और अवैध खनन में लिप्त लोगों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह भी इसी तरह के अभियान में आठ ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया था।
लोकेशन माफियाओं पर कड़ी नजर
खनन निरीक्षक द्वारा लोकेशन माफियाओं के खिलाफ कोतवाली कालपी में मामला दर्ज कर तीन नामजद आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद से लोकेशन देने वाले कई माफिया भूमिगत हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
4-5 फरवरी की रात चेकिंग के दौरान हाईवे पर लोकेशन माफिया गायब रहे। उच्च अधिकारियों की इन पर कड़ी नजर बनी हुई है, और पुलिस ने शेष बचे नामजद आरोपियों और अज्ञात लोकेशन देने वालों की तलाश तेज कर दी है।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
क्षेत्र में प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में दहशत का माहौल है।
ब्यूरो रिपोर्ट डेस्क